वृंदावन (मथुरा)। केशव धाम मार्ग स्थित नारायण आश्रम में रविवार को रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास पंहुचे। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट संशोधन का विरोध सवर्ण समाज के लोगों को करना चाहिए।
यह एक्ट सर्वसमाज विरोधी है। यह सब जातियों के लोगों के बीच में मनमुटाव लाएगा। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के खिलाफ जाकर सरकार ने समाज को बांटने का काम किया है। हम इसका खुलकर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट में जांच के बाद दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि देश का संत समाज तो चाहता है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में ही राम मंदिर का निर्माण हो जाए लेकिन अभी तक इस दिशा में सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहे तो अयोध्या में जल्द भव्य राम मंदिर का निर्माण हो सकता है। कहा कि जिस तरह से केंद्र और राज्य में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार होने के बावजूद भी राम मंदिर निर्माण में देरी हो रही है। उसको लेकर देश का संत समाज रोषित है।