फिरोजाबाद। जिले में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पद से हटाए गए जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत अध्यक्षों के संबंध में शासन ने जिला प्रशासन से की गई कार्यवाही की रिपोर्ट मांगी है। यह मामला विधान परिषद में उठाए जाने के बाद निदेशक पंचायती राज ने जिला प्रशासन को कार्यवाही से जुडे़ तथ्य उपलब्ध कराने को कहा है।
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप छोटू, क्षेत्र पंचायत नारखी, जसराना व टूंडला के अध्यक्षों को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पद से हटाया गया था। इस मुद्दे को कई सदस्यों ने विधान परिषद में उठाया था। इस पर विधान परिषद ने शासन से इस संबंध में आवश्यक तथ्यों व कृत कार्यवाही की रिपोर्ट तलब की है। निदेशक पंचायती राज विभाग आकाशदीप ने जिला प्रशासन से अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में हुई कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जिला प्रशासन ने शासन को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
रिपोर्ट में सभी पदाधिकारियों द्वारा नियमानुसार लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटाने की बात कही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप के अतिरिक्त ब्लाक प्रमुख जसराना रामपाल को गत सात जुलाई 2017 को, टूंडला में बीना कुमारी को 11 अगस्त 2017 के अतिरिक्त नारखी में डा. दिनेश यादव के विरुद्ध 24 जुलाई 2017 को अविश्वास लाया गया था। हालांकि अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद रामपाल सिंह व दिनेश यादव ने न्यायालय की शरण भी ली।