राया/सौंख (मथुरा)। अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत हो गई, सात घायल हो गए। नरहौली चौराहे के पास बाइक सवार महिला की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। उधर, मगोर्रा के मथुरा-सौंख मार्ग पर गांव पाली-डूंगरा के पास टाटा मैजिक और ट्रैक्टर की भिड़ंत में एक की मौत हो गई, वहीं चार सवारी घायल हो गईं।
गोकुल निवासी अशोक अपनी पत्नी सावित्री देवी (42) के साथ बैंक कालोनी में रहने वाली बेटी से मिलकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात 8.30 बजे वह नरहौली चौराहे के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक से टक्कर मार दी। बाइक सवार पति तो दूर जा गिरा, जबकि पत्नी की मौत हो गई। उधर, थाना मगोर्रा के सौंख से सुबह 6 बजे सवारियां लेकर चला टाटा मैजिक मथुरा-सौंख मार्ग पर डूंगरा के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ गया। हादसे में सौंख कटरा गली निवासी रवि गर्ग (31) पुत्र राजेंद्र की मौत हो गई, जबकि सौंख के सतीश, पूरनचंद, ठाकुरलाल, नगला अड्डा निवासी अजय, नगला रतू निवासी प्रताप सिंह, मल्हू निवासी जग्गो बुरी तरह से घायल हो गए। थाना राया के गांव खरबा निवासी मधु (22) पुत्र पाली बाइक से बुधवार की रात मांट रोड पर हास्पिटल से दवा लेकर गांव लौट रहा था जिसकी कार की टक्कर में मौत हो गई।