फिरोजाबाद/फरिहा/टूंडला। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। जबिक एक महिला सहित तीन लोग ही घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम ग्रह में रखवाया है।
टूंडला-एटा रोड स्थित ग्राम तजापुर चौकी के पास एक वृद्घा व उसके पौत्र के टेंपो से उतरते समय तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी ही भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही एसएचओ नारखी प्रवींद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों को जिला अस्पताल लाए। इसमें पौत्र की मौके पर मौत हो गई थी। दादी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त थाना नारखी के चिलासनी निवासी भूदेवी (70) पत्नी छोटेलाल व रामकुमार (सात) पुत्र भगवती प्रसाद के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दूसरा हादसा थाना थाना फरिहा के कौरारी पुलिया के पास बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें सिरसागंज क्षेत्र के नगला गुमान निवासी राजेंद्र सिंह (48) पुत्र ओमप्रकाश की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी मोहनदेवी (45) गंभीर रूप से घायल हो गईं। वे थाना फरिहा से नगला कांस स्थित रिश्तेदारी में वापस घर लौट रहे थे।
दूसरी बाइक पर सवार थाना एका के पंवरई निवासी अंकुश (18) पुत्र विनोद व उसका चाचा नीरेश (40) पुत्र दौलतपाल घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे एसओ फरिहा सर्वेश कुमार घायलों को उपचार को जिला अस्पताल लाए हैं। हादसे की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।