मथुरा। हाईवे के मोहनपुर अडूकी में पांच माह पहले पुलिस की गोली से आठ साल के बालक माधव की मौत के मामले में सीबीसीआईडी ने पांच दरोगा और 10 सिपाहियों को बयान के लिए तलब किया है। इन सभी को आगरा में सीबीसीआईडी की अपराध शाखा पर कार्य दिवस में बुलाया गया है। शनिवार से यह अपने बयान आगरा में दर्ज कराएंगे।
17 जनवरी को थाना हाईवे के गांव मोहनपुर अडूकी निवासी अमरनाथ के आठ साल के बेटे माधव के सिर में उस समय गोली लग गई थी, जब वह अपने छोटे भाई और बहन के साथ खेत पर बेर खा रहा था। पुलिस पर गोली मारने का आरोप लगा था। हाईवे पुलिस के दरोगा और सिपाही सरकारी जीप में उसे अस्पताल लेकर निकले, पर रास्ते में ही सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
नयति में देररात मौत होने से पुलिस महकमें में खलबली मच गई। दो दरोगा और सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 17 जून को सीबीसीआईडी की टीम ने पीड़ितों के बयान लिए थे। अब पांच दरोगा और 10 सिपाहियों के बयान लिए जाएंगे। इन सभी को आगरा में सीबीसीआईडी की अपराध शाखा पर बुलवाया गया है। थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि कार्य दिवस में दरोगा और सिपाही अपने बयान दर्ज करा सकते हैं।
इनके दर्ज होंगे बयान-
एसआई इंद्रपाल सिंह, दीपक दौहरे, सौरभ शर्मा, उदयवीर, वीरेंद्र सिंह, सिपाही रामवीर, संतोष, प्रदीप कुमार, अमजद खान, गजेंद्र, प्रदीप, अंकित, सुभाष, चंचल, ऊधम।