बैंकों में चक्कर काट रहे खाताधारक
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। सिढ़पुरा केनरा बैंक के गोल्ड लोन घोटाले के मामले की निरंतर जांच पड़ताल चल रही है। सोमवार और मंगलवार को काफी खातों की जांच पड़ताल के बाद बैंक ऑडिटर की टीम मामले की रिपोर्ट तैयार कर रही है। बुधवार को टीम बैंक नहीं पहुंची, लेकिन खाताधारक चक्कर काटते नजर आए।
सिढ़पुरा केनरा बैंक में 160 से अधिक गोल्ड लोन खाते हैं। इन खातों की जांच पड़ताल बैंक ऑडिटर की टीम कर रही है। अभी बैंक की ओर से किसी भी तरह की जानकारी जारी नहीं की जा रही। बैंक प्रबंधन लगातार एक ही बात दोहरा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति सामने आएगी, लेकिन बैंक प्रबंधन के इस आश्वासन पर लोग भरोसा नहीं कर पा रहे। वे जल्दी से जल्दी से जांच रिपोर्ट का निष्कर्ष जानना चाहते हैं कि अब तक कितने खातों में नकली सोना निकला और कितने करोड़ का यह घोटाला हुआ है। पीड़ित खाताधारक लगातार बैंक में चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को कोई जांच पड़ताल होती न देख खाताधारक बार बार शांखा प्रबंधक से पूछताछ कर रहे थे। थाना पुलिस से भी पीड़ित लगातार जानकारी कर रहे हैं। जांच पड़ताल और कार्रवाई के संबंध में पुलिस पर भी दबाव बढ़ रहा है। सिढ़पुरा केनरा बैंक के गोल्ड लोन घोटाले की पूरे जिले में चर्चाएं हैं। अन्य बैंकों से गोल्ड लोन कराने के वाले खाताधारकों के मन में भी तरह तरह की आशंकाएं और बेचैनीं हैं। ऐसे कई खाताधारक अपने सोने का परीक्षण कराना चाह रहे हैं। पुलिस ने भी सिढ़पुरा की बैंकों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। जिससे कहीं आक्रोश के हालात पैदा न हों।