मथुरा। कृष्णानगर के द्वारिकापुरी कालोनी में व्यापारी के घर में घुसे चोर पांच लाख रुपये की नकदी और तीन लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। कूलर को हटाने के बाद खिड़की उखाड़कर घर में घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। व्यापारी अपने परिवार के साथ एसी के कमरे में सो रहा था। सुबह जागने पर उसे चोरी का पता चला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तथ्य जुटाए हैं।
रिपोर्टिंग चौकी कृष्णानगर के 33 द्वारिकापुरी कालोनी निवासी प्रेमशंकर पुत्र नन्नूमल सीमेंट की दुकान करते हैं। बुधवार की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। गर्मी के चलते पूरा परिवार एसी लगे कमरे में इत्मीनान से सोया हुआ था। इसी बीच चोरों ने घर के बाहर लगे कूलर को हटाया।
उसके बाद खिड़की को उखाड़कर कमरे में प्रवेश किया। यहां रखे करीब पांच लाख रुपये की नकदी और तीन लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर बड़े ही आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर चले गए और व्यापारी को इसकी भनक भी नहीं लगी।
सुबह होने पर व्यापारी को चोरी की वारदात को पता चल सका। सूचना पर पहुंची कृष्णानगर पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने पहुंचकर पूरी जानकारी करते हुए तथ्य जुटाए। पीड़ित की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।