चौमुंहा (मथुरा)। ब्लाक चौमुंहा के गांव शिवाल में बिजली के शार्ट सर्किट से एक मकान में लगी आग से 60 हजार रुपये की नकदी सहित डेढ़ लाख रुपये का सामान जल गया। ग्रामीणों व दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, मगर तब तक घर में सब कुछ जल गया।
गांव के संतरेश पुत्र राधाकृष्ण के मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। घर से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
पीड़ित संतरेश ने बताया कि उसने अपने खेत को एक दिन पहले ही जिंस पर उठाया था, खेत को एक वर्ष के लिए जिंस पर लेने वाले किसान ने उसे 60 हजार रुपये दिए थे। पूरी धनराशि उसने आलमारी में रखी थी। आग में पूरी नकदी जल गई। इसके अलावा घर में 1.50 लाख रुपये का सामान भी जल गया। मौके पर लेखपाल ने भी रिपोर्ट बनाई। पीड़ित ने एसडीएम से मुआवजे की मांग की है।