फिरोजाबाद/सिरसागंज। पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद थाना पुलिस द्वारा हिरासत में लिए किराना व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी की मौत से गुस्साए परिजनों ने थाने का घेराव करते हुए हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। चेयरमैन सोनी शिवहरे, सीओ ने परिजनों को भरोसा दिया कि अभियोग दर्ज करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद मामला शांत हो सका।
थाना व कसबा सिरसागंज के इटावा रोड निवासी राकेश गुप्ता पुत्र अनोखेलाल गुप्ता की करहल रोड पर किराना की दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार को सुबह नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे इसी दौरान करहल चौराहा निवासी गौरव गुप्ता दुकान पर पहुंच गए। राकेश ने पिछले पैसे की डिमांड की तो दोनों के मध्य विवाद हो गया। गौरव ने थाना पुलिस से विवाद की शिकायत की। सिरसागंज पुलिस ने दुकानदार राकेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया।
पुलिस राकेश गुप्ता को पूरे दिन थाने पर बैठाए रही इसके कारण उनकी शाम को ही हालत खराब हो गई। वह अचेत हो गए। राकेश की हालत खराब होते देख पुलिस के हाथ पैर फूल गए। परिजन राकेश गुप्ता को लेकर फिरोजाबाद प्राइवेट ट्रामा सेंटर पहुंचे और भर्ती कराया। परिवारीजनों का आरोप था कि जब राकेश को थाने से लेकर गए थे तभी लकवा मार चुका था। बुधवार दोपहर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राकेश की मौत से गुस्साए परिजन शव को लेकर सिरसागंज थाने पहुंचे।
सूचना मिलते ही काफी व्यापारी थाने पर पहुंच गए। थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सिरसागंज के चेयरमैन सोनी शिवहरे एवं सीओ अजय चौहान ने भीड़ को समझा-बुझाकर मामले को शांत किया। कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने बेटा सोनी की तहरीर पर ही गौरव गुप्ता, उसकी पत्नी बेबी गुप्ता, ससुर आनंद गुप्ता, निवासी कसौली और उसके साले के विरुद्ध तहरीर दी है।