टूंडला। गैर बिरादरी युवक से प्रेम करने पर परिजन युवती की जान के दुश्मन बन गए। भाई ने परिजनों की मदद से गला दबाकर पुल से नीचे फेंक दिया, लेकिन युवती पेड़ में अटकने से वह बच गई। शौच को आए युवक ने पेड़ पर लटकी युवती के कराहने एवं शोर मचाने की आवाज सुनी तो लोगों की मदद से नीचे उतार कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
एत्मादपुर के मोहल्ला सतौली निवासी एक युवक रेलवे लाइन के ऊपर बने ओवरब्रिज के पास शौच करने आया था। अचानक उसे नीम के पेड़ से एक युवती के कराहने और मदद के लिए आवाज लगाते सुन कर मोहल्ले के लोगों को बुला लिया। लोगों ने युवती को पेड़ से नीचे उतारा। कोहरे के बीच ठंड से कांपती युवती को लोगों ने आग जलाकर तपाते हुए टूंडला एवं एत्मादपुर थाना पुलिस को सूचना दी। दोनों थाने की पुलिस घटना क्षेत्र एक-दूसरे का न होने की बात कहकर लौट गईं।
पूछताछ में युवती ने खुद को थाना नगला सिंघी के एक गांव निवासी बताया। युवती की माने तो वो पास गांव टीकरी निवासी गैर बिरादरी के युवक प्रेम करती है। इसकी भनक परिजनों को लगी तो उन्होंने उस पर बंदिशें लगा दी, लेकिन वो चोरी-छिपे मिलती रही। शनिवार को परिजनों ने प्रेमी से बात करते देखा तो दिल्ली भेजने की योजना बना कर उसका भाई अपने एक साथी के साथ ऑटो से दिल्ली ले जा रहे थे।
विरोध करने पर रास्ते में भाई ने रस्सी से गला दबा दिया। तब उसे होश आया तो वह पेड़ पर अटकी थी। आरोप है कि बेहोशी की हालत में भाई ने साथी के सहयोग से उसे पुल से नीचे फेंक दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने थाना टूंडला और एत्मादपुर पुलिस को सूचना दी। दोनो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और अपना क्षेत्र नहीं होने की बात कह कर लौट गईं। दर्द से तड़पती युवती को लोगों ने एफएच अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना स्थल को लेकर दो थानों की पुलिस आपस में उलझ गई। पुलिस का दिल दर्द से तड़पती युवती देख कर नहीं पसीजा। घटना स्थल पर एत्मादपुर थाने और टूंडला थाने की पुलिस पहुंची किंतु युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बजाय मामला एक दूसरे क्षेत्र का होने का बता कर चली गई।
टूंडला थाना प्रभारी मुनीषचंद्र ने कहा घटना स्थल एत्मादपुर क्षेत्र का है फिर भी घायल युवती को अस्पताल भेजा है। थाना एत्त्मादपुर प्रभारी अरविंन्द कुमार ने कहा घटना टूंडला क्षेत्र की है। टूंडला पुलिस को कार्रवाई करनी थी। फिर भी युवती के बयान लिए हैं। युवती ने मामला पारिवारिक बताया है। अस्पताल पहुंचे परिजन युवती को अपने साथ ले गए हैं।
एत्मादपुर ओवरब्रिज पर दोनों थानों के बोर्ड लगे हैं। थाना टूंडला का बोर्ड ओवर ब्रिज के मध्य रेल लाइन समाप्त होने के बाद लगा है। जहां लिखा है टूंडला थाना क्षेत्र की सीमा समाप्त। वहीं एत्मादपुर के कोल्ड स्टोरेज के सामने ओवरब्रिज की ढलान शुरू होते ही एत्मादपुर थाने का बोर्ड लगा है। यहां सवाल यह है कि कि दोनों थानों के बोर्ड के बीच की दूरी का इलाका कौन से थाने का है।
फोटो-