मथुरा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत पर मथुरा में खूब जश्न मना। जगह-जगह आतिशबाजी हुई। एक-दूसरे को मिठाई बांटी गई। जैसे-जैसे नतीजे आते गए मोदी और अमित शाह के जयकारे गूंजते रहे। जश्न केवल महानगर में ही नहीं बल्कि जिले के हर कस्बे में भाजपाइयों ने मनाया।
गुजरात के नतीजों को लेकर सुबह से ही शहर में उत्सुकता देखी गई। जिसे भी जहां मौका मिला वहीं नतीजे जानने की कोशिश करता रहा। घर, आफिस और दुकान पर जहां भी टीवी चला वहीं लोगों की भीड़ रही। भाजपा जैसे-जैसे जीत की तरफ बढ़ती गई कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ता ही चला गया। कहीं आतिशबाजी हुई तो कहीं उत्साही कार्यकर्ता नारे लगाते हुए सड़कों पर निकल आए। चाहें होलीगेट हो या फिर कृष्णानगर, डेंपियर नगर हो या फिर भूतेश्वर चौराहा, हर तरफ मोदी और अमित शाह के जयकारे लग रहे थे।
होलीगेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर आतिशबाजी की। एक-दूसरे को मिठाई बांटी। महापौर मुकेश आर्य बंधु को लोगों ने मिठाई खिलाई। मेयर ने कहा कि वह गुजरात में प्रचार के लिए गए थे। वह जहां-जहां गए वह सभी सीटें जीती हैं।
वृंदावन (मथुरा)। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत पर भाजपा नगर इकाई द्वारा सोमवार को मिष्ठान वितरण के साथ आतिशबाजी कर हर्ष जताया गया। चुंगी चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने गुजरात व हिमाचल में मिली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कार्यकर्ताओं ने हर-हर मोदी घर-घर मोदी के नारे लगाए। पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाठक एवं नगर अध्यक्ष राजेश पंडित ने कहा कि गुजरात और हिमाचल की जीत बेहतरीन है।
उधर, धर्मनगरी में सुबह से ही गुजरात व हिमाचल के चुनाव परिणामों को देखने के लिए उत्सुकता दिखाई दी। लोग 8 बजे से घरो में टीवी सेट के सामने बैठ गए।
इस अवसर पर सुनील चतुर्वेदी, रमेश कुमार शर्मा, ठाकुर हरिबल्लभ सिंह, डा. रुपकिशोर वर्मा, कृष्णमुरारी मोतीवाला, वीरेंद्र शर्मा, छैलबिहारी शर्मा, राघव भारद्वाज, अनूप अग्रवाल, मुन्नालाल निषाद, हेमंत भारती, रसिक बल्लभ नागार्च, जय शर्मा, गिर्राज बाल्मीकि उपस्थित थे।