फिरोजाबाद। कांग्रेस में जिला और महानगर में कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उपजे विवाद के बीच डैमेज कंट्रोल के लिए गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश नगर निकाय चुनाव के प्रभारी एवं पूर्व विधायक सतीश अजमानी पहुंचे। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कहा कि निकाय चुनाव में बढ़े काम के बोझ के कारण प्रदेश के 13 जिलों में कार्यवाहक जिला एवं शहर अध्यक्ष बनाए हैं। किसी को हटाया नहीं गया, बल्कि दोनों एकजुटता के साथ काम करेंगे।
निकाय चुनाव प्रभारी ने प्रेसवार्ता में कहा पार्टी ने नगर निकाय चुनाव में प्रदेश में एक फिरोजाबाद ही नहीं बल्कि 13 जिलों में कार्यवाहक जिला एवं शहर अध्यक्ष बनाए गए हैं। कोई गलतफहमी न हो, इसके चलते पार्टी हाईकमान ने उन्हें भेजा है। उन्होंने कहा पार्टी के कार्यवाहक जिला और शहर अध्यक्ष को इसलिए बनाया है कि वे पहले के जिला एवं शहर अध्यक्ष के साथ मिलकर काम करें।
किसी को हटाया नहीं गया है। नगर निकाय चुनाव में मेयर से लेकर नगर पालिका, पंचायतों एवं पार्षद पद के सभी उम्मीदवारों को जिताने का काम पार्टी संगठन करेगा। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी एवं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रकाश निधि गर्ग, शहर अध्यक्ष गुलाम जीलानी से कहा कि पार्टी प्रत्याशियों को पूरी ताकत के साथ जिताने में जुटें।19 नवंबर को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आगरा में रोड शो के साथ सिकंदराराऊ जाएंगे। फिरोजाबाद में कई नेताओं के कार्यक्रम लगेंगे। पार्टी का घोषणापत्र आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।