करहल (मैनपुरी)। मौसम का पहला कोहरा ही जानलेवा साबित हो गया। करहल क्षेत्र में शुक्रवार केा बुझिया पुल पर हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने इटावा-मैनपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया। मृतक के शव को तभी उठने दिया जब प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिवार को पर्याप्त मुआवजा दिलाने के आश्वस्त किया। वहीं बेवर में भी सुबह कोहरे के चलते ट्रक और बस में भिड़ंत हो गई। इसमें एक गंभीर घायल हो गया।
ग्राम बुझिया निवासी रामदुलारे (70) साइकिल से जा रहे थे बुझिया पुल पर पहुंचे तभी पीछे मैनपुरी की तरफ से तेज रफ्तार के साथ आते ट्रकने उनकी साइकिल को चपेट में लेकर रौंद दिया। हादसे में रामदुलारे की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा करने के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया। हादसे की खबर पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को मृतक का शव नहीं उठाने दिया और जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाएं। घंटे भर तक जाम जारी रहा। बाद में प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने पर जाम हटा दिया।