एटा। शहर में अलग-अलग जगहों पर हुई मार्ग दुर्घटनाआें में महिला सहित तीन की मौत हो गई। जबकि ड्यूटी पर जाते वक्त बाइक फिसलने से दो सिपाही घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। एक ही दिन में सड़क हादसों में हुई तीन लोगों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
दो ट्रक आपस में भिड़े, क्लीनर की मौत
थाना मलावन क्षेत्र के जीटी रोड स्थित सेंथरी के पास तड़के दो ट्रकों में हुई आमने सामने की टक्कर में एक चालक घायल हो गया जबकि क्लीनर की मौत हो गई। कानपुर थाना ककवान के गज्जफरपुर निवासी उमाकांत पुत्र कनौजीलाल ट्रक चालक है। मंगलवार सुबह वह ट्रक लेकर थाना मलावन के सेंथरा समीप क्लीनर राजा पुत्र शिवलाल के साथ गुजर रहा था। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसके ट्रक में टक्कर मार दी। इससे क्लीनर राजा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक उमाकांत गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दूसरे ट्रक में सवार चालक क्लीनर घटना के बाद मौके से फरार हो गए। जिनकी पुलिस की तलाश कर रही है।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
कासगंज थाना सिढ़पुरा के अजीत नगर निवासी दुष्यंत (24) पुत्र अमर पाल गांव के ही पुष्पेंद्र पुत्र श्यामपाल के साथ बाइक पर सवार होकर जैथरा की तरफ जा रहा था। तभी परौली और धुमरी के बीच कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दुष्यंत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सड़क हादसे में महिला की मौत
थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव गिरौरा निवासी कृष्णादेवी (40) पत्नी प्रेमपाल अपने घर के सदस्य के साथ बाइक पर सवार होकर थाना निधौलीकलां क्षेत्र के रामनगर जिटौली के पास से गुजर रही थे तभी दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें घायल हुई महिला को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्यूटी पर जा रहे दो सिपाही घायल
थाना जसरथपुर में तैनात सिपाही भूपेश और जितेंद्र बाइक पर सवार होकर ड्यूटी जा रहे थे। तभी नदराला के पास उनकी बाइक फिसल गई। इससे दोनों सिपाही घायल हो गए। जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।