आगरा। आगरा कॉलेज में शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि कॉलेज में वाई-फाई की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। स्नातकोत्तर स्तर पर बायोटेक और वाणिज्य विषय में नए कोर्स लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
कॉलेज में अनुशासन बनाए रखने को विद्यार्थियों को यूनिफार्म में और परिचय पत्र के साथ आने पर जोर रहेगा। परिसर में मोबाइल पर बात करना प्रतिबंधित रहेगा। विशेष परिस्थिति में निर्धारित मोबाइल जोन में ही बात की जा सकेगी। विद्यार्थियों के 75 फीसदी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षकों के लिए सुबह 10 से शाम चार बजे तक कालेज परिसर में रहना अनिवार्य किया गया है।
डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न कक्षाआें में प्रवेश के लिए योग्यता गुणांक सूची कालेज की वेबसाइट www.agracollegeagra.org पर अपलोड कर दी गई है। वार्ता के दौरान डॉ. क्षमा चतुर्वेदी, डॉ. केडी मिश्रा, डॉ. विपिन कुमार सिंह, डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, डॉ. पूनम चांद, डा. आनंद पांडेय मौजूद रहे।