मथुरा/वृंदावन। गुरुवार की रात इस्कॉन मंदिर के समीप मार्केट में एटीएम के गार्ड की हत्या के दूसरे दिन पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस हत्यारोपी का सुराग लगाना तो दूर उसकी सही पहचान भी नहीं कर सकी है। पुलिस 24 घंटे में इसकी पुष्टि भी नहीं कर पाई है कि हत्यारा भारतीय है या विदेशी व्यक्ति हैं।
इस्कॉन मंदिर के पास हरे कृष्णा मार्र्केट के दूसरे फ्लोर पर इंडस इंड बैंक के एटीएम को लूटने के प्रयास में सो रहे गार्ड गौरा नगर कालोनी निवासी मुकेश की ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। मुकेश की हत्या के बाद आरोपी ने एटीएम रूम में लगे दोनों कैमरे भी डंडे से तोड़ दिए और फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में कैद हत्यारा विदेशी सा दिख रहा है। पुलिस ने इंडस इंड से बीते 7 दिन का सीसीटीवी फुटेज भी मांगा है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस की कई टीमें इस कांड के खुलासे के लिए लगी हैं। आरोपी के विदेश भागने की आशंका पर एक टीम आरोपी के फोटो लेकर दिल्ली एयरपोर्ट भी रवाना हुई है। वहीं एक टीम स्थानीय स्तर पर आरोपी की खोजबीन में लगी है। बताया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी द्वारा बड़े ही निर्मम तरीके से गार्ड को मारने की वीडियो कैद हुई है।
सोशल मीडिया पर फूट रहा है लोगों का गुस्सा
वृंदावन। गुरुवार रात विदेशी द्वारा गार्ड की हत्या किए जाने की जानकारी मिलने पर लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर, व्हाट्सएप आदि पर सुरक्षाकर्मी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर अव्यवस्था पर रोष जताया। लोगों ने अपनी टिप्पणी में हत्यारे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। ऋषभदेव उपाध्याय, दिनेश गोस्वामी, सुमित गौतम ने टिप्पणी की कि यदि विदेशियों के रहन सहन को लेकर पुलिस प्रशासन सजग रहता तो यह घटना नहीं घटती।