मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के जिले में सौर ऊर्जा से नलकूप नहीं चलेंगे। बोरिंग कर पंप लगाने की योजना सरकार ने बंद कर दी है। अभी तक छह इंच की बोरिंग के लिए 70 फीसदी अनुदान मिला करता था। लेकिन इस बार सरकार ने लक्ष्य जारी नहीं किया है।
जिन गांवों में बिजली नहीं है या खेतों तक लाइन नहीं हैं उन गांवों में किसानों को सौर ऊर्जा से चलने वाली तीन हॉर्सपावर की पंप व छह इंच गोलाई की 100 फुट गहरी बोरिंग करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से अनुदान दिया जाता था। चार लाख रुपये खर्च वाली इस योजना पर किसान 65 हजार रुपये का ड्राफ्ट कृषि विभाग में जमा कराते थे। पूरा प्रोजेक्ट कृषि विभाग तैयार कर किसान के खेत पर लगता था। वर्ष 2016-17 में जनपद के 33 किसानों को इसका लाभ कृषि विभाग ने दिया, लेकिन इस बार इस योजना में एक भी पैसा नहीं दिया गया है।
उप कृषि निदेशक धुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस योजना में चालू वित्तीय वर्ष में सोलर फोटो वोल्टेज इरीगेशन पंप लगाने का कोई लक्ष्य नहीं दिया गया है। वहीं बताया जाता है कि शासन इस योजना को चलाने के मूड में नहीं है। इससे वह किसान परेशान हैं।