जसराना। दूसरे समुदाय की लड़की भगाने की सजा एक गांव में बसे समुदाय विशेष के परिवारों को झेलनी पड़ी। युवती बरामद कराने के बाद भी दबंगों ने घर में घुसकर पीटा, तोड़फोड़ और लूटपाट की कोशिश की। इतना ही नहीं गांव में एलान कर दिया कि वे समुदाय विशेष के परिवारों को गांव में रहने नहीं देंगे। उनके खौफ के चलते पांच परिवार गुरुवार को घरेलू सामान और पशु लेकर गांव से पलायन कर गए।
थाना जसराना के एक गांव में एक युवती को एक अन्य समाज का लड़का 17 जुलाई को भगा ले गया। लड़के पिता ने कोशिश करने के बाद युवती को बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी युवक पर बजाय पुलिस कार्रवाई करने के युवक के परिवारीजनों को परेशान करना शुरू कर दिया। लोगों की मानें तो गांव में एलान कर दिया गया कि इस समाज का कोई भी व्यक्ति गांव में नहीं रहेगा।
दबंगों ने घर में बंधे पशु खोलने का प्रयास करने के साथ घरों में लूटपाट करने की कोशिश की। साथ ही मारपीट मारपीट की। मारपीट एवं दबंगों के खौफ से पीड़ित परिवार से जुड़े बारह परिवार गांव छोड़कर चले गए हैं। दबंगों के खौफ के चलते वे पुलिस में शिकायत भी नहीं कर पा रहे हैं। युवक के पिता ने बताया कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मजबूरन उन्हें गांव छोड़ना पड़ा।
क्षेत्र के एक गांव में कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर गई थी। सभी लोग सो रहे थे। सूचना फर्जी थी। सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस थाने ले आई थी। जानकारी मिली थी कि एक जाति के लोग गांव छोड़ने को विवश हैं लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। यदि तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार, कोतवाल जसराना