लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया है। हालात यह है कि लोग घरों से निकल भी नहीं पा रहे हैं। क्षेत्रों में हो रहे जलभराव ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। सबसे ज्यादा परेशानी नदरई रेल पुल के नीचे भरे पानी में वाहनों के फंसने से हुई है। तमाम ऐसे स्कूल हैं जिनमें जलभराव होने से पठन-पाठन प्रभावित है।
बुधवार की देर रात्रि जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं गुरुवार को जिले के ग्रामीण इलाकों में काफी बारिश हुई। इसके चलते जगह जगह जलभराव हो गया। जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ी।
विज्ञापन
कासगंज एटा मार्ग पर नदरई के रेलवे पुल के नीचे बारिश का पानी एकत्रित होने के कारण वहां वाहन फंसे रहे। कासगंज-एटा मार्ग पर पुल क्रॉस करने के बाद दो बड़े पब्लिक स्कूलों की वैन पानी के गड्ढे में धस जाती हैं। वहीं कासगंज-बरेली मार्ग पर ब्लॉक कार्यालय से आवास विकास की ओर सड़क पर पानी भरा हुआ है। यहां पानी की कोई निकासी न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। अशोक नगर, गंगेश्वर कॉलोनी, लवकुश नगर में भी जलभराव से लोग परेशान हैं।
म्यांसूर पटियाली के प्राथमिक विद्यालय में जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतें हो रहीं हैं। जलभराव के बीच ईंटें डालकर बच्चे कक्षाओं में पहुंच रहे हैं। कई बच्चे तो फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीण इलाकों में ऐसे तमाम स्कूल हैं जहां जलभराव के कारण पठन-पाठन व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है। बारिश के दौरान देर रात्रि के नगर के श्री गणेश कॉलेज के बाहर लगा पेड़ सोरों गेट कासगंज-बरेली मार्ग पर गिरने से यातायात रुक गया। कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी मिलने पर रात में ही क्रेन से पेड़ को हटवाया तब यातायात शुरू हो सका।