आगरा। सदर बाजार में गैंगरेप के एक मामले की जांच में पुलिस ने खेल कर दिया। सिर्फ एक आरोपी के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी। दूसरे की गिरफ्तारी का प्रयास तक नहीं किया। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की है।
साथ ही एसएसपी को आदेश दिया है कि इस मामले में स्पेशल टीम गठित कर जांच कराई जाए। घटना 14 फरवरी को हुई थी। पुलिस ने शिवा नाम के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़ित युवती ने एक अन्य युवक राजू का नाम भी बताया था।
शिवा के परिवार की दो महिलाओं को भी शामिल बताया था। पीड़ित युवती का मजिस्ट्रेटी बयान भी दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद पुलिस ने 19 जून को सिर्फ शिवा के खिलाफ चार्जशीट की। राजू की गिरफ्तारी नहीं की। उसके वारंट लेने की कोशिश तक नहीं की गई।
युवती से अश्लील हरकत पर तीन गिरफ्तार
एत्माद्दौला के रामबाग चौराहा पर सोमवार रात 12 बजे तीन युवकों के साथ एक युवक को झाड़ी में देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। यूपी -100 की गाड़ी पहुंच गई। पुलिस ने युवकों और युवती को थाना पहुंचा दिया। वहां युवती ने कह दिया कि वह मर्जी से आई है। उसके साथ रेप नहीं हुआ है। सूचना दी गई थी युवती के साथ रेप किया जा रहा है। पुलिस ने युवकों को शांति भंग की धारा 151 में गिरफ्तार किया। तीनों युवक टेंपों ड्राइवर हैं। युवती फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र की बताई गई है।
अब्बास नगर में युवती से छेड़छाड़
एत्माद्दौला के अब्बास नगर में युवती से छेड़खानी की गई। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की गई। इस मामले में इब्राहिम नाम के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।