एटा। अब बचपन खिलखिलाएगा, ममता बरसेगी और लाड़ली पढ़ लिखकर आगे बढ़ेगी। प्रदेश की योगी सरकार ने पोषाहार दिवस के नाम बदलकर बचपन, ममता और लाड़ली रखा है। प्रमुख सचिव ने मंगलवार को सभी जिलों के कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश जारी करते दिवस मनाए जाने के लिए कहा है।
दरअसल, अब तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रत्येक माह की पंाच, 15 और 25 तारीख को पोषाहार वितरित किया जाता था। पोषाहार को बच्चे घर ले जाते थे। अब सरकार ने इन दिवसों का नाम परिवर्तन कर दिया है। नए आदेश के तहत अब पांच तारीख को बचपन दिवस आयोजित किया जाएगा। इसमें गांव के बच्चों को अन्नप्राशन, बर्थडे और छोटे-छोटे खेलकूद के साथ उनका मानसिक विकास किया जाएगा।
वहीं 10 तारीख को ममता दिवस में गांव की माताओं को पोषण, स्वास्थ्य, आयरन की गोली का वितरण समेत तमाम जानकारियां दी जाएंगी। वहीं 15 तारीख को लाड़ली दिवस पर गांव की किशोरियों को साफ-सफाई, स्वास्थ्य, मासिक धर्म में सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की प्रमुख सचिव अनीता मिश्रा ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश देकर योजना के क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि निर्देश मिल चुके हैं। इस संबंध में बैठक करके आंगनबाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
------------
ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस का बदलेगा स्वरूप
शासन ने बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस का स्वरूप बदलने के निर्देश दिए हैं। इन दिवसों में बच्चों को मनोरंजक तरीके से विकसित बनाया जाएगा।