फिरोजाबाद। रामनगर बिजलीघर पर सुबह 11 केवी की केबिल बर्स्ट हो गई, जिससे कई मोहल्लों की दोपहर तक की सप्लाई ठप रही। घंटों तक बिजली न आने से उपभोक्ता परेशान रहे।
रामनगर बिजली घर पर सुबह करीब नौ बजे बिजली लाइन तेज धमाके के साथ फाल्ट होने से 11 केवी की एक केबिल बर्स्ट हो गई। केबिल बर्स्ट होने के कारण पैमेश्वर गेट, नालबंद फीडर से जुड़े कई मोहल्लों में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
भीषण गर्मी में घंटों तक बिजली न आने से लोगों का हाल-बेहाल हो गया। तेज धूप होने के कारण खुले में भी राहत नहीं मिली। बिजली न आने पर क्षेत्रीय लोगों ने उच्च अफसरों, एसडीओ, जेई व अन्य कर्मचारियों के फोन किया।
इसके उपरांत बिजली विभाग की टीम ने बर्स्ट केबिल बदलने का कार्य शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे आपूर्ति सुचारू हो सकी। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि सुबह केबल बर्स्ट होने के कारण क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई थी। इधर एसएन बिजलीघर पर ट्रांसफार्मर हीट होने के कारण बाईपास फीडर से जुड़े मोहल्लों में दो घंटे से अधिक आपूर्ति बाधित रही।