श्रीमद्भागवत सप्ताह के समापन के दूसरे दिन रिश्तेदारों ने हर्ष फायरिंग कर दी
- फोटो : अमर उजाला
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। श्रीमद्भागवत सप्ताह के समापन के दूसरे दिन रिश्तेदारों ने हर्ष फायरिंग कर दी। इसमें गांव की एक किशोरी के पैर में गोली लग गई। परिवारीजन किशोरी को लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उसे फीरोजाबाद रेफर कर दिया।
मामला थाना क्षेत्र के नसीरपुर के गांव गडरौली का है। यहां निवासी मुकेश कुमार के यहां श्रीमद् भागवत सप्ताह का आयोजन हुआ था। शुक्रवार को कथा का समापन हो गया। भंडारे में मुकेश के घर रिश्तेदार भी आए हुए थे। शनिवार सायं मुकेश के घर के समीप उनके यहां आए रिश्तेदार खुशी में गोलियां चला रहे थे।
इसी दौरान गांव के ही सोनवीर की 17 वर्षीय पुत्री रिंकी किसी कार्य से उधर से निकल रही थी। तभी अचानक एक गोली उसके पैर में धंस गई। गोली लगते ही किशोरी जमीन पर गिर पड़ी। इस पर हर्ष फायरिंग कर रहे तीनों युवक बाइक पर बैठ कर भाग गए। किशोरी के भाई सूरज यादव ने बताया फायरिंग करने वाले मुकेश के रिश्तेदार हैं।
फायरिंग और किशोरी के घायल होने की जानकारी होते ही एसओ लोकेंद्र पाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। उन्होंने बताया भागवत सप्ताह के समापन के बाद हर्ष फायरिंग हुई है। गोली लगने से एक किशोरी घायल हो गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।