टायलेटः एक प्रेमकथा का पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला
नंदगांव(मथुरा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित फिल्म ‘टॉयलेट-एक प्रेम कथा’ का ट्रेलर 11 जून (आज) को रिलीज किया जा रहा है। फिल्म के हीरो अक्षय कुमार ने अपने फेसबुक पेज, ट्विटर पर ये जानकारी दी है।
अक्षय के फेसबुक पेज पर मैसेज करने पर वो आपको फिल्म को ट्रेलर भी भेजेंगे। गौरतलब है कि फिल्म की पृष्ठभूमि मथुरा पर आधारित है और नंदगांव, बरसाना में फिल्म की अधिकांश शूटिंग हुई है।
अक्षय कुमार हर रोज फिल्म से जुड़ी कोई न कोई पोस्ट फेसबुक, ट्विटर पर पोस्ट कर रहे हैं। आठ जून को अपलोड पोेस्टर में कुछ महिलाएं हाथ में लोटा और लालटेन लेकर जाती दिख रही हैं। इस पोस्ट पर अक्षय ने लिखा है कि एक विनती-लौटा दो लोटा पार्टी।
नौ जून को अपलोड की एक पोस्ट में अक्षय ट्रेक सूट पहने एक हाथ में लालटेन और एक हाथ में लोटा लिए गुस्से से खडे़ हैं। पोस्ट में अक्षय ने लिखा है, शौचालय: एक क्रांति। 10 जून को अपलोड की एक पोस्ट में अक्षय ने लिखा है कि आप मुझे फेसबुक पर मैसेज करो, मैं आपको व्यक्तिगत रूप से फिल्म का ट्रेलर भेजूंगा।
एक अन्य पोस्ट में पोस्टर अपलोड किया है। इसमें अक्षय दूल्हे के लिबास में लाल पगड़ी पहने और 10 रुपये के नोटों की माला पहन मस्ती से नाच रहे हैं। पोस्टर में ऊपर लिखा है, टॉयलेट नहीं तो दुल्हनियां नहीं। फिल्म 11 अगस्त को रिलीज होगी।