आगरा। पहाड़ों पर बारिश और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के कारण यमुना उफान पर आ गई है। रविवार को मथुरा स्थित गोकुल बैराज से आगरा के लिए यमुना में 21 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। वाटर वर्क्स पर जलस्तर 490 फीट से अधिक हो गया है।
आगरा में यमुना में बाढ़ का निशान 499 फीट पर है। हालांकि यमुना अभी लाल निशान से दूर है लेकिन बैराजों से छोड़े जा रहे पानी से जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को गोकुल बैराज से 21,425 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि शनिवार सुबह 8 बजे यह डिस्चार्ज 20 हजार क्यूसेक था। पिछले 24 घंटे से गोकुल बैराज से लगातार 20 हजार क्यूसेक से अधिक पानी यमुना में प्रवाहित हो रहा है। रविवार सुबह 8 बजे ओखला बैराज से 26,069 क्यूसेक और हथिनीकुंड बैराज से 9,472 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है। यमुना में बाढ़ आने पर करीब 42 गांव प्रभावित होते हैं। फिलहाल बाढ़ के आसार नहीं लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया है। हर घंटे जलस्तर की निगरानी की जा रही है।