आगरा। ग्रेटर आगरा के गंगापुरम और नर्मदापुरम में भूखंडों का आवंटन लॉटरी से होगा। एक सितंबर को सूरसदन में गंगापुरम और दो सितंबर को नर्मदापुरम की लॉटरी खुलेगी। पहले चरण में दोनों टाउनशिप में 1628 भूखंडों के लिए 2176 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों की स्क्रीनिंग शुरू हो गई है। 17 अगस्त को अपात्र आवेदकों की सूची चस्पा की जाएगी।
इनर रिंग रोड स्थित रहनकलां और रायपुर में एडीए 450 हेक्टेयर में ग्रेटर आगरा आवासीय योजना विकसित कर रहा है। जिसमें दस टाउनशिप बनेंगी। जिनके नाम नदियों के नाम पर रखे गए हैं। पहले चरण में नर्मदापुरम और गंगापुरम में आवासीय भूखंडों के लिए पंजीकरण खोले गए थे। 29 जुलाई तक 2176 आवेदन प्राप्त हुए हैं। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि 24 अगस्त तक त्रुटि सुधार का आवेदकों को मौका मिलेगा। इसके बाद अंतिम सूची चस्पा होगी। 1 सितंबर को सूरसदन में गंगापुरम के 908 भूखंडों के लिए लॉटरी ड्रॉ खुलेगा। जबकि 2 सितंबर को नर्मदापुरम के 708 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन होगा।