एटा में निधौली कलां विकासखंड क्षेत्र के गांव मनौरा और मगरौली में मंगलवार रात खेतों में आग लग गई। जिससे 21 बीघा फसल जलकर राख हो गई। सूचना के एक घंटे बाद दमकल की टीम पहुंचने पर लोगों ने रोष जताया। गांव मनोरा में तीन लोगों की 15 बीघा फसल जली। फसल में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, जबकि मगरौली में आग लगने का कारण मालूम नहीं हो सका है।
गांव मनौरा के ईश्वर दयाल, हीरालाल और रमेश चंद्र ने पांच-पांच बीघा खेत में गेहूं की फसल की थी। मंगलवार रात के समय इन तीनों के खेतों में विद्युत लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ईश्वर दयाल के खेत के पास ही सैकड़ों बीघा खेत की फसल पड़ी हुई थी। गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची।
गांव वालों को सूचना मिली तो मौके पर भीड़ लग गई। लोग अपने स्तर से आग बुझाने के प्रयास करने लगे। ईश्वर दयाल की पत्नी कुसमा देवी फसल में लगी आग देखकर बेहोश हो गई। गांव वालों ने बताया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। तब तक हम लोगों की पूरी फसल जल चुकी थी। आग अन्य खेतों में पहुंचने से बच गई।
वहीं गांव मगरौली में वीरेंद्र ने मंगलवार को ही छह बीघा खेत में गेहूं की फसल काटी थी। देर शाम करीब 8 बजे घर पहुंचा। कुछ ही देर में सूचना मिली कि उसके खेत में आग लग गई है। इस पर वीरेंद्र व अन्य ग्रामीण खेत पर पहुंचे। इन लोगों ने काफी प्रयास किए, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। जबकि फायर ब्रिगेड की टीम भी काफी देर में पहुंची। जिसके चलते पूरी फसल जलकर बर्बाद हो गई।