नौहझील (मथुरा)। गांव रायपुर में बुधवार को कंपाइन मशीन से गेहूं निकालने के दौरान निकली चिंगारी से आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते 10 बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। इससे लाखों का नुकसान हो गया।
मशीन में शॉर्ट सर्किट होने ने चिंगारी निकल कर खेत में गिर गई। इससे गेहूं के खेत में आग लग गई। मशीन चालक हरवीर ने बमुश्किल आग से मशीन को बाहर निकाला। थोड़ी देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रधान दिगंबर सिंह, मोहन सिंह एवं अमर सिंह पुत्रगण लेखी चौधरी का 10 बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई।
सूचना के बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। किसान नेता रामबाबू कटैलिया, जीतपाल प्रधान, जीवन सिंह प्रधान, रविंद्र प्रधान, बलवीर सिंह प्रधान, दीवान सिंह आदि ने डीएम से पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
दूसरी ओर किसानों का कहना है कि आग बुझने के बाद दमकलें मौके पर पहुंच रही हैं। एलडीबी चेयरमैन चौ. भगवती प्रसाद, किसान क्लब के अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, सत्यपाल प्रधान, लाल प्रधान, शोभित नरवार, उपेंद्र चौधरी, ताहर सिंह, राधाचरन, हरिओम कुशवाह आदि ने डीएम से नौहझील में फायर स्टेशन स्थापित करवाने की मांग की है।