मथुरा। राजस्थान में आरक्षण की मांग को लेकर 10 दिन से चल रहा गुर्जर आंदोलन रेल यात्रियों पर भारी पड़ रहा है। 10 दिनों से राजस्थान के सवाई माधोंपुर में गुर्जर दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर कब्जा करके बैठे हैं। इसे लेकर अप रूट की कोटा पटना एक्सप्रेस, गोल्डन एक्सप्रेस, ऊधमपुर कोटा एक्सप्रेस, सवाई माधोंपुर पैसेंजर रद्द रहीं।
वहीं डाउन रूट की गरीब रथ, उज्जैनी एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, मुुंबई फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, कोटा निजामुद्दीन जनशताब्दी एक्सप्रेस रद्द रही। दैनिक रेल यात्री वृंदावन गौधूलिपुरम निवासी नवनीत कुमार, महोली रोड निवासी गिरीश कुमार, गोपी नगरिया निवासी अमित कुमार ने बताया कि रोजाना ट्रेन से दिल्ली, फरीदाबाद व गुरुग्राम आवागमन करते हैं। गुर्जर आंदोलन के चलते ट्रेन रद्द रहने से दूसरी ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इससे ट्रेनों में जगह पाना मुश्किल हो रहा है।