मथुरा। विकास प्राधिकरण ने कृष्णानगर स्थित मुकुंद रिसोर्ट का नक्शा निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई प्राधिकरण ने भूस्वामी द्वारा हाईवे प्राधिकरण की एनओसी उपलब्ध न कराए जाने के बाद की है। इस प्रक्रिया में पीडब्ल्यूडी और नगर निगम द्वारा पूर्व में जारी की गई एनओसी भी निरस्त कर दी गई है।
कृष्णा नगर पुलिस चौकी के सामने स्थित मुकुंद रिसोर्ट की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद है। शिकायत थी कि इसमें सरकारी जमीन भी स्थित है। जिला प्रशासन के स्तर से इसकी जांच भी कराई गई। इसके बाद विकास प्राधिकरण द्वारा इसके नक्शा को लेकर आईं शिकायत के बाद सुनवाई उपरांत निरस्तीकरण की कार्रवाई कर दी गई है।
इसकी जानकारी विनोद कुमार मुकुंद रिसोर्ट को देते हुए प्राधिकरण के सहायक अभियंता ने कहा है कि अनाधिकृत निर्माण किए जाने की दशा में फरवरी 2005 को नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में हाईवे प्राधिकरण की एनओसी एक माह में दाखिल करने का शपथ पत्र दिया गया था।
इसी आधार पर मुकुंद रिसोर्ट का नक्शा स्वीकृत किया गया था। लेकिन हाईवे प्राधिकरण की एनओसी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस स्थिति में प्राधिकरण द्वारा नक्शा की स्वीकृति निरस्त कर दी गई है।