पटियाली/सिढ़पुरा (कासगंज)। जनपद में अलग-अलग हादसों में एक समाजसेवी वृद्ध महिला एवं एक अन्य बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिलाओं की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं हादसे में घायल बाइक सवार युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिकंदरपुर वैश्य के ग्राम लाधौली निवासी गुरुदेव (25) पुत्र रघुवीर अपनी पत्नी अनीता (20) के साथ बाइक से भाई दूज कराने फर्रुखाबाद के ग्राम पहाड़पुर जा रहा था। तभी रास्ते में सड़क किनारे झाड़ियों में से एक भैंस भागती हुई सड़क पर आ गई और बाइक से टकरा गई। हादसे में दंपती घायल हो गया। राहगीरों ने दोनों को गंभीर हालत में निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां अनीता को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गुरुदेव को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की लेकिन परिजनों ने इनकार कर दिया।
वहीं सिढ़पुरा में समाजसेवी वृद्धा भगवती देवी (75) निवासी नाथूपुर की शुक्रवार को गांव में ही ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर मौत हो गई। वह संस्था लक्ष्य की जिलाध्यक्ष एवं दयानंद पब्लिक स्कूल, रानी अवंती बाई इंटर कॉलेज के संयोजक डा. चंद्रशेखर शास्त्री की मां थी। उनकी निधन पर स्कूलों में शोक सभाएं हुईं।