कासगंज। आगामी दिनों में मोहर्रम, गांधी जयंती एवं दशहरा आदि पर्व मनाये जाने हैं। अराजक तत्व शांति व्यवस्था को दूषित कर सकते हैं। सांप्रदायिक संवेदनशीलता के दृष्टिगत पर्वों को सकुशल संपन्न कराने तथा शंाति एवं कानून व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से अपर जिला मजिस्ट्रेट योगेंद्र कुमार ने जनपद में 26 अक्टूबर 2018 तक के लिए धारा 144 दंड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश पारित किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट की पूर्वानुमति के बिना किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कोई जनसभा या प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। धार्मिक, परंपरागत कार्यक्रमों के अतिरिक्त अन्य कोई भी आयोजन किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति के नहीं किया जा सकेगा। कोई भी व्यक्ति ऐसा कोई कार्य नहीं करेगा जिससे अन्य धर्म के अनुयायियों की भावनायें आहत हों। कोई भी लाइसेंस धारक व्यक्ति सार्वजनिक रूप से अपने अस्त्र शस्त्र आदि लेकर नहीं चलेगा। आदेश की अवहेलना या उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दंडित किया जाएगा।
प्रेम और सौहार्द से मनाएं त्योहार
एटा। मंडलायुक्त अजय दीप सिंह, डीआईजी प्रीतिंदर सिंह ने मोहर्रम को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों के साथ बुधवार शाम को बैठक की।
मंडलायुक्त ने कहा कि मेल मिलाप एवं परंपरागत तरीके से त्योहार मनाए जाएं। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति नहीं आनी चाहिए। कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ समझौता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोहर्रम के जुलूस वाले रास्ते पर पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी होनी चाहिए। डीआईजी प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि त्योहार को शांति एवं सौहार्द के साथ मनाया जाए। पुलिस स्टाफ की ब्रीफिंग अवश्य की जाए, जिससे कि त्योहार के समय किसी भी प्रकार की दिक्कत उत्पन्न न हो। डीएम आईपी पांडेय ने कहा कि त्योहार के समय किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी, साथ ही थाना वार मजिस्ट्रेट की भी तैनाती कर दी गई है। एसएसपी आशीष तिवारी ने कहा कि जिले में जिन स्थानों पर ताजिये रखे जाने हैं या ताजिये उठाए जाने हैं, उन स्थानों पर पुलिस की कड़ी नजर है। संचालन एएसपी संजय कुमार ने किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेरणा सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। एडीएम प्रशासन धर्मेंद्र सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर, एएसपी ओपी सिंह, एसडीएम अलीगंज शिव सिंह, एएसडीएम नंदलाल, क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार सिंह, समस्त थानाध्यक्ष, ईओ लोकेंद्र सिंह, परवेज जुबैरी, जहीर अहमद, रामनिवास चौहान, वारिस, गौरव गुप्ता मौजूद रहे।