शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। उरावर से भदान रोड़ पर न्यू अमरनाथ होटल के समीप एक फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बीच सड़क पर खड़े होकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। जिससे सड़क के दोनों तरफ लोग दहशत के मारे खड़े हो गए, किसी की आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर फौजी को दबोच लिया और उसके कब्जे से पिस्टल और चार कारतूस बरामद कर लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर फौजी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
थाना नगला खंगर के गांव फतेहपुरा निवासी अरुणकांत सिंह यादव पुत्र जैसीराम 17 आरआर डोड़ा जम्मू कश्मीर में तैनात है। वह छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था। पुलिस ने बताया कि फौजी सोमवार रात सात बजे अपनी लाइसेंसी पिस्टल हाथ में लेकर उरावर से भदान जाने वाली सड़क पर खड़ा हो गया और खुलेआम पिस्टल लहराते हुए फायरिंग करने लगा।
जिससे सड़क के दोनों तरफ यातायात रुक गया। कोई भी व्यक्ति आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सड़क पर दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर प्रभारी नगला खंगर दीपक चंद्र दीक्षित फोर्स के साथ पहुंचे और फौजी को दबोच लिया। उसके कब्जे से पिस्टल और चार कारतूस भी बरामद कर लिए।
उप निरीक्षक विपिन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी फौजी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि फौजी के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई के साथ ही आरोपी के उच्चाधिकारियों को इसकी रिपोर्ट भेज कर उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।