फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के निहारिका कॉम्पलैक्स में स्थित चिटफंड कंपनी में करोड़ों की धनराशि हड़पने के मामले में अभियोग दर्ज कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित थाना दक्षिण पहुंच गए। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी करके जेल भेजने की मांग की। एसएचओ ने कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया।
थाना दक्षिण क्षेत्र के निहारिका कॉम्पलैक्स में संचालित होने वाली संकल्प इन्फ्रा डवलपर्स इंडिया (प्रा.लि.) एवं संकल्प हाइट्स रियल स्टेट लिमिटेड व सतुगुरु निधि लिमिटेड के डायरेक्टर थाना उत्तर के 590 लक्ष्मीनगर जैन नगर खेड़ा निवासी उमेशचंद्र शर्मा पुत्र रामप्रताप शर्मा, बेटा धीरज शर्मा, विवेक शर्मा, पत्नी सरिता शर्मा एवं बेटी काजल शर्मा के खिलाफ थाना उत्तर के जलेसर रोड रामकृष्णनगर टापा पैंठ निवासी गगन प्रकाश जैन पुत्र नरेंद्र प्रकाश जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट दर्ज कराने के करीब एक पखवाड़ा बीतने के बाबजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर निवेशक एकत्रित ही होकर थाना दक्षिण पहुंचे। एसएचओ दक्षिण रूपेश कुमार वर्मा को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि लाखों रुपये लेकर कंपनी के डायरेक्टर गायब हो गए हैं। लेकिन अभी तक तो कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उल्टा आरोपी एजेंटों के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से ही अभियोग दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। एसएचओ दक्षिण ने कहा कि दोषियों के खिलाफ ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। एजेंटों ने बताया आशा शर्मा के बीस लाख, कविता जैन के छह लाख, सुलेखा के चार लाख, मधु गुप्ता रामनगर के 15 लाख, विधवा निशा देवी के 80 हजार, सोबरन सिंह छह लाख, कृष्णादेवी व ऋषिओम के पांच लाख, राकेश कुमार के 22 लाख और हरिविलास के डेढ़ लाख रुपये हैं।