मथुरा। यात्रा के दौरान केरला एक्सप्रेस से चोरी हुए आस्ट्रेलियन पिता-पुत्री का सामान एसपी जीआरपी अभिषेक यादव की सजगता के चलते आठ घंटे में बरामद हो गया। आस्ट्रेलिया के शहर सिडनी निवासी होलिम मौवाद अपनी पुत्री टायना मौवाद के साथ सोमवार को निजामुद्दीन स्टेशन से मथुरा आने के लिए केरला एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन करीब दो बजे जंक्शन पहुंची तो पिता-पुत्री उतर गए। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनका मोबाइल फोन और पर्स किसी ने चोरी कर लिया है।
उन्होंने रेलवे कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसके बाद एसपी रेलवे अभिषेक यादव ने मथुरा और आगरा जीआरपी को सतर्क कर चोरी गया सामान बरामद करने के निर्देश जारी किए। मोबाइल को सर्विलांस पर ले लिया गया। मोबाइल की लोकेशन ट्रेन में ही मिली। ट्रेन तब तक ग्वालियर पहुंच चुकी थी।
ग्वालियर पुलिस को इस बारे में बताया गया। ग्वालियर में ट्रेन रुकी तो फोन की तलाश की गई। विदेशी का फोन और पर्स सीट के नीचे मिल गया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना ने होलिम मौवाद और उनकी बेटी टायना मौवाद को बरामद हुआ मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड और भारतीय मुद्रा के 4100 रुपये उन्हें सौंप दिए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एसपी रेलवे की सजगता के चलते आठ घंटे में विदेशियों का सामान उन्हें मिल गया।