सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के नगला अब्दाल से एक बालक तीन दिन से लापता है। बालक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। गुरुवार को परिवारीजनों ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
11 वर्षीय बालक विजय उर्फ सोनू पुत्र ऋषि पाल मंगलवार की सुबह घर से अपने एलआर पब्लिक स्कूल गया लेकिन वह स्कूल से वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवारीजनों ने स्कूल में जाकर उसकी तलाश की। स्कूल की ओर से परिवारीजनों को बताया गया कि बालक स्कूल ही नहीं आया। इसके बाद विजय को आसपास के गांव एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश किया लेकिन कहीं भी पता नहीं चला। गुरुवार को थाना पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी है। सिकंदरपुर वैश्य के थाना प्रभारी ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
मां माधुरी का है बुरा हाल
पटियाली। तीन दिन से लापता विजय को लेकर मां-बाप व अन्य परिवारीजन सभी परेशान हैं। विजय अपने मां बाप की इकलौती संतान है। मां माधुरी का हाल विजय के न मिलने से बहुत बुरा है। वह बार बार घर के बाहर बच्चे को ढूंढने के लिए निकलतीं हैं। यह मंजर देखकर परिवार व गांव के लोग भी बेहद चिंतित हो उठे हैं।