मैनपुरी। सरकारी कार्यालयों में अब आम आदमी को परेशानी से निजात मिलेगी। काम निस्तारित कराने में मदद के लिए पैरालीगल वॉलेंटियर्स तैनात किए जाएंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत पैरालीगल वॉलेंटियर्स अब नई भूमिका में नजर आएंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पैरालीगल वॉलेंटियर्स की तैनाती है। विधिक साक्षरता शिविरों के आयोजन कराने के साथ ही विवादों को सुलझाने का काम भी पैरालीगल वॉलेंटियर्स करते हैं।
गांव में लीगल एड क्लीनिक का संचालन करके ग्रामीणों को क्लीनिक पर ही सहायता और सुझाव देने का काम करते हैं। थाना स्तर पर भी संबंधित क्षेत्र के पैरालीगल वॉलेंटियर्स पीड़ित की मदद करके उसको कानूनी सहायता दिलाते हैं। अब पैरालीगल वॉलेंटियर्स सरकारी कार्यालयों में भी आम आदमी के सहायक की भूमिका में नजर आएंगे। तहसील, अस्पताल, बैंक में पैरालीगल वॉलेंटियर्स को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से तैनात करके उनको नई भूमिका दी जाएगी।