मथुरा। एक बार फिर प्लाट और फ्लैट की एवज में करीब 35 लाख रुपये हड़पने में कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा फंस गए हैं। अबकी बार कल्पतरु ग्रुप के एजेंट ने ग्रुप के मालिक और ग्रुप के आठ अधिकारियों के खिलाफ थाना फरह में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने को दबिशें दी हैं।
हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, पंजाब, दिल्ली और यूपी के निवेशकों के प्लाट और फ्लैट की एवज में 500 करोड़ रुपये लेकर कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा फरार हो गए हैं। इन एजेंटों के खिलाफ अभी तक निवेशक ही मुकदमा दर्ज कराते रहे हैं। अबकी बार एजेंट भी कल्पतरु ग्रुप के मालिक के खिलाफ आ गए हैं।
थाना रिफाइनरी के गांव रांची बांगर निवासी अशोक कुमार ने पुत्र राधेलाल ने थाना फरह में कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह, विपिन कुमार यादव, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार यादव, राजकुमार यादव, मंजीत कुमार, शशिकांत मिश्रा, केएल पांडेय, प्रह्लाद सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि कल्पतरु ग्रुप के मालिक और अधिकारियों ने उनके माध्यम से प्लाट और फ्लैट की एवज में निवेशकों से करीब 35 लाख रुपये लिए। न तो निवेशकों को प्लाट मिला और न ही फ्लैट मिल सके। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने को दबिशें दी, पर कोई हत्थे नहीं चढ़ सका।