मैनपुरी। हंसनगर कालोनी निवासी व्यक्ति की पुत्री के बैंक खाते से ठग ने हजारों की नकदी पार कर दी। एटीएम बंद होने की बात कह कर पिन नंबर की जानकारी ली गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हंसनगर कालोनी निवासी गोविंद कुमार की पुत्री फर्रुखाबाद में पढ़ रही है। मंगलवार को उनकी पत्नी को किसी व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री का एटीएम कार्ड बंद हो गया है। उसे चालू करने के लिए गोपनीय जानकारी मांगी।
गोविंद की पत्नी ने बिना सोचे समझे कार्ड संबंधी जानकारी फोन करने वाले व्यक्ति को दे दीं। कुछ ही देर बाद पुत्री के एकाउंट से करीब 15 हजार रुपये कट गए। जानकारी होने के बाद आनन-फानन में खाते का लेनदेन बंद कराया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर खाते से नकदी निकालने वाले के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।