जलेसर। ब्लाक प्रमुख शशि यादव के विरुद्ध आया अविश्वास प्रस्ताव 38 मतों से पारित हो गया। इस दौरान 38 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रस्ताव के समर्थन में और चार ने विरोध में मतदान किया। इस दौरान दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति रही। सदस्यों को सत्यापन और कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक परिसर में प्रवेश दिया गया। मतदान के बाद प्रशासन ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पुलिस-प्र्रशासन पहले से सतर्क था। सोमवार को विकास खंड कार्यालय पर सुबह से गहमागहमी का माहौल रहा। प्रात: 10.30 बजे से क्षेत्र पंचायत सदस्य आने शुरू हो गए। 12 बजे तक कुल 42 क्षेत्र पंचायत सदस्य विकास खंड कार्यालय पर पहुंच गए। दोपहर 12 बजे मतदान प्रक्रिया में अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 38 सदस्यों और चार सदस्यों ने विरोध में मतदान किया। एसडीएम विजय कुमार और डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने अविश्वास प्रस्ताव पास होने की घोषणा की।
अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप सिंह सिसौदिया के अनुरोध पर समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्यो को सुरक्षित स्थानो पर पहुंचाया गया। इस दौरान टकराव के हालात बने। आठ क्षेत्र पंचायत सदस्यों की पहली टीम चुपचाप ब्लाक परिसर मे पहुंच गई, लेकिन 30 सदस्यों की दूसरी टीम आते ही खेड़ा ग्वारऊ के क्षेत्र पंचायत सदस्य से मिलने उसकी मां आ गई। महिला ने अपने पुत्र से मिलने का प्रयास किया तो एक पक्ष ने हंगामा कर दिया। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनो पक्षों की ओर से असलाह निकल आए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसडीएम विजय कुमार, सीओ अशोक कुमार, कोतवाली प्रभारी सुरजन सिंह ने पहुंचकर समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
-------------
चार थानों और पीएसी रही मौजूद
जलेसर। अविश्वास प्रस्ताव के दौरान विकास खंड कार्यालय को अभेद्य दुर्ग मे तब्दील किया गया। सर्किल क्षेत्र के चारों थानों जलेसर, निधौलीकलां, अवागढ़, सकरोली के पुलिस फोर्स के साथ पीएसी मौजूद रही। 100-100 मीटर की दूरी पर बैरियर बनाए गए। प्र्रत्येक क्षेत्र पंचायत सदस्य को फोटो के मिलान और जांच के बाद विकास खंड कार्यालय में प्रवेश दिया गया।
-----------------------------------------------
यह रहे मौजूद
इस दौरान ब्लाक प्रमुख पक्ष से ब्लाक प्रमुख शशि यादव, हरेंद्र सिंह धनगर, प्रस्ताव के सर्मथन में क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप सिसौदिया ब्लॉक परिसर में मौजूद रहे। बैरियर पर अवागढ़ के चेयरममैन महेश पाल सिंह, रमेशपाल सिंह रामू, अजीतपाल सिंह टिंकू, पवन ठाकुर, पम्मी ठाकुर, जितेंद्र सिंह, राजेश सरानी, रिंकू ठाकुर, दर्शनपाल सिंह बंटू, सतेंद्र जादौन मौजूद रहे।
-------------
टाइम लाइन
सुबह 10 बजे- अधिकारी कर्मचारी अलर्ट
10.30 बजे- कुलदीप सिसोदिया आठ सदस्यों के साथ पहुंचे
10.40 बजे- ब्लाक प्रमुख शशि यादव और क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेन्द्र धनगर पहुंचे
10.45 बजे- 30 क्षेत्रपंचायत सदस्य आए।
10.46 बजे- एक सदस्य को छुड़ाने के लिए सदस्य की मां ने प्रयास किया।
10.55 बजे- क्षेत्र पंचायत सदस्यो को अधिकारियों ने चुनाव की जानकारी दी।
12.10 बजे- क्षेत्र पंचायत सदस्यो ने मतदान प्रारंभ किया।
12.30 बजे- मतदान प्रक्रिया पूर्ण 42 मत पड़े
12.32 बजे- मतगणना प्रारम्भ
12.38 बजे- मतगणना पूर्ण अविश्वास प्रस्ताव के सर्मथन में 38 मत एवं विरोध मेे पडे़ 4 मत।
12.40 बजे-अविश्वास प्रस्ताव पास होने की घोषणा।