अजीतगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किए गए एनके स्कृबल के तहत इंटर हाउस वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई। इसमें बीटीसी प्रथम सेमेस्टर की टीम ने तृतीय सेमेस्टर की टीम को 3-2 से हरा अपनी खेल प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसमें कुल पांच मैच खेले गए, जिसमें दो मैच तृतीय चरण की टीम ने जीते और तीन मैच प्रथम चरण की टीम जीतकर विजेता बनी।
बुधवार को ग्राम नगला बलू स्थित एनके कालेज के खेल मैदान में एनके स्कृबल के तहत इंटर हाउस वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. सुमन यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। कालेज के सचिव अजय कुमार यादव ने कहा कि हमारा उद्देश्य मैनपुरी जनपद से अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतिभाएं निकालने का है। दोनों टीमों के बीच कुल पांच मैच खेले गए।
प्रथम सेमेस्टर की टीम ने 17-25, 25-21, 14-25, 25-13, 25-19 के अंतर से जीत हासिल की। प्रथम सेमेस्टर की टीम में अभिषेक, प्रदीप, रोहित, जितेंद्र और पवन का शानदार प्रदर्शन रहा। तृतीय सेमेस्टर की टीम के खिलाड़ी हिमांशु, नवीन, सिंटू, विजेंद्र, सौरभ का भी प्रदर्शन अच्छा रहा। इस मौके पर एनके स्कृबल हैड श्याम चौहान, कोच सूरज आदित्य चौहान, प्राचार्य मोहित सक्सेना, आशुतोष दुबे, गौरव पांडेय, सीमा सक्सेना, अमित मिश्रा, मृत्युंजय सिंह, अवनीश यादव आदि रहे। ।