एटा/अलीगंज। मारहरा क्षेत्र में बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई। वहीं थाना अलीगंज के मैनपुरी मार्ग पर आमने-सामने से हुई ट्रक और कैंटर की भिड़ंत में दोनाें वाहन चालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया।
हाथरस थाना सिकंदराराऊ के ढढिंगरा निवासी पुष्पा देवी (40) अपने पति ईश्वरप्रसाद के साथ बाइक से कासगंज में रिश्तेदारी से घर लौट रही थी। थाना मारहरा क्षेत्र के गांव पिवारी के समीप पुष्पा देवी अचानक बाइक से गिर गई। आनन-फानन में पति ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
इधर, थाना अलीगंज क्षेत्र के मैनपुरी मार्ग पर दहेलिया के पास आमने-सामने से ट्रक और कैंटर भिड़ गए। हादसे में कैंटर चालक उदयवीर पुत्र बालिस्टर निवासी सत्य नगर थाना उत्तर फिरोजाबाद और ट्रक चालक रामौतार पुत्र महाराज निवासी इकौना पटा थाना मिचौल ग्वालियर घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने चालकों को अलीगंज स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया।