फिरोजाबाद/टूंडला। फिरोजाबाद के साथ नगर में समाजवादी पार्टी की रार खुलकर सामने आने लगी है। निष्कासित किए गए सपा के वरिष्ठ नेता ने नगर में पार्टी को आगरा से आयातित दो नेताओं पर पार्टी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की है।
समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव एवं निष्कासित नेता डा. सत्य प्रकाश धनगर ने निष्कासन के बाद पहली बार अपने गुस्से का इजहार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा ध्यान नहीं देने से आगरा से आयातित नेता महाराज सिंह धनगर और अवनींद्र यादव पार्टी को बर्बाद कर रहे हैं।
उनके निर्देशन में चुनाव लड़ने पर जहां पालिकाध्यक्ष पद की प्रत्याशी राजकुमारी वाल्मीकि पांचवें नंबर पर आकर जमानत तक नहीं बचा पाईं वहीं पार्टी सिंबल पर लड़ने वाला एक भी सभासद प्रत्याशी नहीं जीता। जहां तक पार्टी के नगर अध्यक्ष ललित जैन जो निर्दलीय चुनाव लड़े थे वे चुनाव हार गए।
हार की जिम्मेदारी लेते हुए भले ही जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव ने इस्तीफा दे दिया हो, लेकिन जरूरत संगठन को ऊपर से लेकर नीचे तक दुरुस्त कर आस्तीन के सांपों को बाहर करने की है। संगठन के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं मिल रहा। इससे नगर में संगठन और पार्टी रसातल में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि यही हाल रहा तो पार्टी को हर चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा।