मारहरा। कस्बे के सहायता प्राप्त विद्यालय में हाई स्कूल के 336 और इंटरमीडिएट के 292 छात्रवृत्ति आवेदनों को प्रधानाचार्य ने अग्रसारित नहीं किया। ऐसे में छात्र शासन की छात्रवृत्ति योजना से वंचित रह गए। छात्र छात्राओं और अभिभावकों ने प्रधानाचार्य को तत्काल बर्खास्त कर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के रानी अवंतीबाई इंटर कालेज के अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य जाति के कुलहाई स्कूल के 336 और इंटरमीडिएट के 292 छात्र छात्राओं ने छात्रवृत्ति आवेदन पत्र आनलाइन किए थे।
इनके आवेदनों को 15 अक्तूबर 2017 तक प्रधानाचार्य को समाज कल्याण विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक को अग्रसारित करना था लेकिन प्रधानाचार्य प्रेमपाल सिंह ने अग्रसारित नहीं किया। इससे कालेज के 628 छात्र छात्राएं छात्रवृत्ति योजना से वंचित रह गए।
कालेज द्वारा सैकड़ों छात्रों को सरकारी योजना से वंचित किए जाने से अभिभावकों में रोष है। उन्होंने कालेज के प्रधानाचार्य को बर्खास्त कराकर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।