फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में रविवार रात एक अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव घर के समीप एक निर्माणाधीन प्लॉट में पड़ा मिला। मृतक क ी मां ने तहरीर में आपसी झगडे़ के दौरान सर में चोट लगने से मौत होने की बात कही है।
सोमवार की सुबह किसी ने थाना रामगढ पुलिस को अज्ञात अधेड़ की हत्या कर शव को खाली प्लॉट में फें कने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शनाख्त कराई तो शव की शिनाख्त मोहल्ला प्रताप नगर सैलई निवासी शेर सिंह (48) पुत्र हरिसिंह के रूप में हुई। मृतक के सर पर गहरी चोट के निशान थे। पुलिस और पड़ोसी हत्या की आशंका जता रहे थे।
दोपहर बाद थाने पहुंची मृतक की मां मोहरश्री ने थाना पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में मृतक की मां ने नशे में धुत्त बेटे शेर सिंह झगड़े के दौरान नाली में गिरने और सर में चोट लगने से मौत होने की बात कही है। मां ने तहरीर में कहा है कि परिजन उपचार कराने को ले जाते। इससे पहले वो गाली-गलौच करता हुआ भाग गया। वहीं मोहल्ले के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां शव मिला, वहां गड्ढा खुदा था। ऐसा प्रतीत होता है कि शेर सिंह की हत्या कर शव गड्ढे में दफनाने की तैयारी थी।