मथुरा। मोहल्ला बाग काजियान में आढ़तिया के घर 12 लाख की लूट का खुलासा करने में पुलिस नाकाम रही है। 120 घंटे में कोतवाली पुलिस केवल एक लुटेरे का ही स्केच जारी कर सकी है। इसी से अंदाज लगाया जा सकता है कि पुलिस कितनी स्पीड से इस खुलासे मेें जुटी है। बावजूद इसके मोहल्ले के लोगों में दहशत बरकरार है। 31 अक्तूबर की सुबह सात बजे मोहल्ला बाग काजियान निवासी आढ़तिया इमरान उर्फ गुड्डू मंडी निकल गया था। गेट बंद करने आई पत्नी मुमताज को धक्का मारकर घर में घुसे तीन लुटेरों ने बेटे अल्फेज को गन प्वाइंट पर लेकर 12 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था। 120 घंटे बीतने के बाद भी कोतवाली पुलिस लूट का खुलासा करना तो दूर लुटेरों की नजदीक नहीं पहुंच सकी है। इतना जरूर है कि इन पांच दिनों में पुलिस ने एक लुटेरा का स्केच तैयार करके उसे जनपद के थानों और पड़ोसी जनपदों के थानों में भेजा है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी इस स्केच को लगवाया गया है। कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह का कहना है कि जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा।
हाईवे कार लूट का नहीं हुआ खुलासा
मथुरा। गुरुग्राम के एक्साइज के सेवानिवृत्त अपर आयुक्त युद्धवीर सिंह से लूटी गई कार को बरामद करने में वृंदावन पुलिस नाकाम रही है। 60 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हाईवे पर दो नवंबर की रात हाईवे पर चौमुहां के समीप हथियारों से लैस पल्सर सवार चार लुटेरों ने कार लूट ली थी जब रिटायर्ड अपर आयुक्त मथुरा-वृंदावन के दर्शन करके गुरुग्राम लौट रहे थे। कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही लूटी कार को बरामद कर लिया जाएगा।