बरनाहल/बिछवां (मैनपुरी)। जिले में विभिन्न स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक मासूम सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव चंदीकरा निवासी रामकेश शुक्रवार को सड़क किनारे स्थित खेत में आलू की फसल की रखवाली कर रहा था। सड़क किनारे रामकेश का छह वर्षीय बेटा गोलू बैठा था। तभी सिरसागंज की तरह से आ रही बाइक ने गोलू को रौंद दिया। इस दौरान अनियंत्रित हुई बाइक भी सड़क पर पलट गई। हादसे में मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे हुआ देख घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायल बाइक सवार प्रवेंद्र कुमार को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। हादसे में मासूम की मौत के बाद माता पिता व परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
इसी तरह बिछवां थाना क्षेत्र के गांव सेमर के समीप गुरुवार रात किसी वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। गांव नगला सेमर निवासी प्रभूदयाल (40) गुरुवार देर रात गांव जा रहा था। रास्ते में किसी वाहन की टक्कर लगने से वह घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पर पहुंचे परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां थोड़ी ही देर बाद उसकी सांसें थम गईं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।