एटा। जिले में डेंगू का कहर लोगों की जिंदगियां छीन रहा है। दूसरे दिन डेंगू के चलते लगातार चौथी मौत हो गई। जैथरा क्षेत्र के युवक ने निजी चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं डेंगू की चपेट में आई युवती का उपचार बरेली में चल रहा है। डेंगू के प्रकोप से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब तक सक्रिय नहीं हुआ है।
दरअसल, जैथरा के मोहल्ला पालीवालान निवासी दिवारी लाल (50) पुत्र मुन्नालाल को पिछले चार- पांच दिनों बुखार की शिकायत थी। अधेेड़ को परिवारीजनों ने पहले क्षेत्र के डाक्टरों को दिखाया, मगर कोई सुधार नहीं हो सका। एटा में परिवारीजनों ने बीमार की जांच कराई, तो डेंगू की पुष्टि हुई। डाक्टर की सलाह पर परिवारीजनों अधेड़ को आगरा ले गए।
जहां दिवारी लाल की प्लेटलेट्स 24 हजार रह गईं। मंगलवार को आगरा में उपचार के दौरान अधेड़ ने दम तोड़ दिया। वहीं मौत के बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया। साथ ही जैथरा की रीता (23) पुत्री रामदास को भी डेंगू की शिकायत पर बरेली के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उधर, डेंगू का प्रकोप बढ़ने से लोगों में दहशत है। मगर स्वास्थ्य विभाग बेपरवाह बना हुआ है।