शिकोहाबाद। एटा रोड पर दखिनारा के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने पशु लेकर जा रहे एक युवक को रौंद दिया। इससे युवक की मौत हो गई। उसके पशु भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रख कर एटा मार्ग जाम कर दिया। घटना की जानकारी होने पर कई ग्रामीण भी पहुंच गए। उधर, जाम खुलवाने पहुंची पुलिस की अभद्रता और खदेड़े जाने से लोग और भड़क गए, इसके बाद मौके पर नारेबाजी शुरू हो हुई। घटना स्थल पर पहुंचे जसराना विधायक, एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को समझा कर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
शुक्रवार सुबह पांच बजे दखिनारा निवासी राहुल (22) पुत्र रामवीर सिंह अपने मामा सुनील के साथ पशु को लेकर जा रहा था। राहुल एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर आया ही था कि तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे में राहुल और उसका पशु गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन उसे प्राइवेट ट्रामा सेंटर फीरोजाबाद ले गए लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिवारीजन वापस घटना स्थल पर आ गए और शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने ग्रामीणों से गाली गलौज करते हुए खदेड़ने का प्रयास किया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीण पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
जाम की सूचना पर जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी, एसडीएम संगमलाल यादव और सीओ संजय वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। विधायक ने मृतक के परिजनों से बातचीत की और मौके पर ही मृतक की पत्नी के नाम तीन बीघा जमीन का पट्टा, विधवा पेंशन और मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने शव को उठने दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया।
एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी, गर्भवती है पत्नी
मृतक राहुल की शादी एक साल पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी जूली बदहवास होकर घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़ी। जिसे लोगों ने बामुश्किल रोका, लेकिन वह बेहोश हो गई। परिवारीजन उसको लेकर घटना स्थल पर पहुंच गए। होश आने पर पति के शव को देख जूली उससे चिपट गई। परिवारीजनों ने बताया राहुल दो भाइयों में छोटा था, वह कांच का काम करता था।