भाजपा विधायक पर सपाईयों ने घर में घुस कर किया हमला
- फोटो : अमर उजाला
जलेसर। भाजपा विधायक जलेवार संजीव दिवाकर पर शुक्रवार शाम तीन सपा कार्यकर्ताओं ने घर में घुसकर हमला किया। समय रहते गनर और उनके समर्थकों ने विधायक को सुरक्षित बचा लिया। इस दौरान हमलावरों ने विधायक से गाली गलौच करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। भाजपा विधायक ने हरिजन उत्पीड़न और हमले के आरोप में तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जलेसर से भाजपा विधायक संजीव दिवाकर शुक्रवार शाम मोहल्ला भैंरो बगीची में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने गए थे। कार्यक्रम में भाजपा विधायक और सपा कार्यकर्ताओ और बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, लेकिन समारोह में मौजूद लोगों ने मामला रफदफा कर दिया। मामला शांत होने के बाद विधायक और सपा कार्यकर्ता समारोह से चले गए। विधायक का आरोप है कि कुछ देर बाद वही सपा कार्यकर्ता नशे मे धुत्त होकर उनके आवास पहुंच गए और विधायक के साथ अभद्रता और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते गाली गलौच करते हुए जानलेवा हमला करने की कोशिश की, लेकिन वक्त रहते उनके समर्थकों और गनर ने हमलावरों के चंगुल से विधायक को सुरक्षित बचा लिया। विधायक पर हमले की खबर फैलते ही जिला संगठन से लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का उनके आवास पर जमावड़ा लग गया। विधायक संजीव दिवाकर की तहरीर पर पुलिस ने देवकरनपुर निवासी सोना यादव, अवागढ़ थाना क्षेत्र के नकटपुर निवासी सुरजी और टुनटुन के खिलाफ जलेसर थाने में एससीएसटी एक्ट, 352, 503, 504, 506 के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला थाने पहुंचने के बाद से आरोपी फरार हैं। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खास बात यह है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज होते ही सपा समर्थक समझौते के प्रयास में जुट गए हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि भाजपा शासन में गुंडागदी बर्दाश्त नहंी की जाएगी। तीनों युवकोें के खिलाफ रिपोर्ट करा दी गई है।